कांग्रेस की 7 प्रतिज्ञाएँ प्रदेश की सूरत बदल देंगी

कांग्रेस की 7 प्रतिज्ञाएँ प्रदेश की सूरत बदल देंगी

महिलाओं के लिए की गयी घोषणाएँ मील का पत्थर साबित होंगी। : नसीमुद्दीन सिद्दीकी

पिछले 30 वर्षों से भाजपा, सपा एवं बसपा ने प्रदेश की जनता को झूठे वादे करके ठगा है। : ललन कुमार

भाजपा ने किसानों को गाड़ी तले रौंद दिया। : ललन कुमार

लखनऊ/बक्शी का तालाब, 24 अक्टूबर 2021 | 23 अक्टूबर 2021 को कांग्रेस महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गाँधी ने बाराबंकी से कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा को हरी झंडी दिखाई। प्रतिज्ञा यात्रा को झंडी दिखाने के साथ ही उन्होंने आगामी चुनाव के लिए कांग्रेस की 7 प्रतिज्ञाओं की घोषणा की।

  1. टिकटों में महिलाओं की 40 प्रतिशत हिस्सेदारी
  2. छात्राओं को स्मार्टफोन और स्कूटी किसानों का पूरा कर्जा माफ
  3. 2500 में गेहूं-धान, 400 पाएगा गन्ना किसान
  4. बिजली बिल सबका हाफ कोरोना काल का बकाया साफ
  5. दूर करेंगे कोरोना की आर्थिक मार परिवार को देंगे 25 हजार
  6. 20 लाख को सरकारी रोजगार

बाराबंकी से चलकर प्रतिज्ञा यात्रा कल शाम 07:00 बजे लखनऊ की बक्शी का तालाब (169) विधानसभा के चिनहट पहुँची। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया एवं कम्युनिकेशन विभाग के संयोजक ललन कुमार ने प्रतिज्ञा यात्रा का स्वागत एवं संबोधन किया। कार्यक्रम में भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

आज सुबह पूर्व सांसद पीएल पुनिया, राकेश सचान, प्रदीप जैन एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया एवं कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन नसीमुद्दीन सिद्दीकी सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने बक्शी का तालाब स्थित माँ चन्द्रिका देवी मंदिर पर दर्शन कर कांग्रेस कार्यालय पर प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार पिछले 30 वर्षों से भाजपा, सपा एवं बसपा ने प्रदेश की जनता को झूठे वादे करके ठगा है। इनकी सरकारों में किसानों की दुर्गति हुई है। भाजपा ने तो किसानों को गाड़ी तले रौंद दिया। काले कानून लाकर भाजपा ने अपनी किसान विरोधी सोच जाहिर कर दी। श्रीमती प्रियंका गाँधी जी द्वारा की गयी 7 प्रतिज्ञाएँ प्रदेश के नागरिकों के लिए बेहद ज़रूरी हैं। इसमें किसान, गरीब, बेरोजगार एवं महिलाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर घोषणाएँ की गयी हैं।

प्रेस वार्ता के बाद कार्यालय के बाहर उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों को वरिष्ठ नेताओं द्वारा संबोधित किया गया।